Breaking
8 Jun 2026, Mon

हरिद्वार डीएम के निर्देश पर जनसुनवाई, राजस्व-जलभराव की आईं सबसे ज्यादा शिकायतें; 43 का तत्काल समाधान

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 85 शिकायतें/समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 43 समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से दर्ज कराई गईं।

ग्राम पंचायत थिथौला खेमपुर की प्रधान सना ने पंचायत भूमि से अवैध कब्जा हटवाने और नियमित सफाई कराने का प्रार्थना पत्र दिया। अंबेडकर वाहिनी संगठन के अध्यक्ष संदीप कुमार ने अंबेडकर पार्क हेतु आरक्षित भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की। बिजेन्दर सिंह निवासी सहदेवपुर ने धारा 157 क के अंतर्गत भूमि विक्रय की अनुमति मांगी। पोपीन निवासी शिवदासपुर ने बताया कि 2023-24 में नाले का निर्माण तो हो गया, लेकिन रोड क्रॉसिंग हेतु पाइप न लगने से गांव में जलभराव हो रहा है।इसके अलावा सुचरिता सचदेवा ने प्लॉट का क्षेत्रफल कम होने पर पैमाईश कराने, शाहजहा ने कृषि भूमि के चक्ररोड से अवैध कब्जा हटवाने, शिवगंगा बिहार कॉलोनी के लोगों ने वायु प्रदूषण रोकने, शेर आलम ने भगतनपुर आबिदपुर में नालों की सफाई और पंकज कुमार ने रोहलकी किशनपुर में ग्राम सभा भूमि से कूड़ा-गोबर के खत्ते हटवाने की मांग की।मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनसुनवाई में दर्ज समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्धता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा, “इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिथिलता बरतने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें। क्षेत्रवासियों की समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए।

“हरित हरिद्वार मुहिम: फरियादियों को बांटे 100 फलदार पौधे”

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में चल रही ‘हरित हरिद्वार’ मुहिम को बढ़ावा देने के लिए जनसुनवाई में आई एक सराहनीय पहल भी देखने को मिली। कार्यक्रम में उपस्थित फरियादियों को वन विभाग के सहयोग से रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह द्वारा आम, अमरूद, आंवला एवं जामुन के 100 फलदार पौधे वितरित किए गए। अधिकारियों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि फलदार पौधों से हरित क्षेत्र बढ़ने के साथ आमजन को पोषण और आर्थिक लाभ भी मिलेगा।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज समस्याओं की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने पाया कि कई विभागों द्वारा 36 दिन से अधिक समय से शिकायतों का निस्तारण नहीं किया गया है। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 524 और एल-2 स्तर पर 128 शिकायतें निस्तारण हेतु लंबित हैं।डॉ मिश्र ने सख्त निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करें। सिस्टम के माध्यम से शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता कर फीडबैक लें। उन्होंने कहा, “सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ निस्तारित करें। 36 दिन से अधिक लंबित मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आर के सिंह, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता, आरएम सिडकुल कमल किशोर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *