हरिद्वार:(जीशान मलिक) स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ाने वाली डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एजेंसी पर नगर निगम हरिद्वार ने बड़ा एक्शन लिया है। खुले वाहन में कूड़ा ढो रही एजेंसी ‘ईकोन वॉटरग्रेस’ पर ₹25,000 का भारी जुर्माना लगाया गया है। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी गई है।
“क्या है पूरा मामला?
नगर निगम को शिकायत मिली थी कि ईकोन वॉटरग्रेस का एक कूड़ा वाहन बिना ढके ही शहर में कूड़ा लेकर घूम रहा है। खुले वाहन से कूड़ा सड़कों पर बिखर रहा था, जिससे दुर्गंध और गंदगी फैल रही थी। बरसात में ये कूड़ा नालों में जाकर चोक करने का खतरा भी बढ़ गया था।शिकायत मिलते ही नगर आयुक्त नंदन कुमार ने तुरंत एक्शन लिया। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को पकड़ा और एजेंसी पर ₹25,000 का स्पॉट फाइन ठोक दिया। नगर आयुक्त ने साफ कहा, “शहर की स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा। कूड़ा परिवहन के दौरान वाहन 100% ढका होना चाहिए। ये नियम सबके लिए है।”
नगर निगम के मुताबिक सभी डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एजेंसियों को पहले ही लिखित में हिदायत दी जा चुकी है कि कूड़ा ढककर ही ले जाएं। स्वच्छता और पर्यावरण मानकों का पालन अनिवार्य है। बावजूद इसके ईकोन वॉटरग्रेस ने लापरवाही बरती। निगम ने कहा है कि दोबारा गलती पर अनुबंध रद्द करने तक की कार्रवाई होगी।नगर आयुक्त नंदन कुमार ने जनता से अपील की है, “अगर आपको कहीं खुले में कूड़ा ले जाता वाहन दिखे या गंदगी दिखे तो तुरंत नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर या स्वच्छता ऐप पर फोटो भेजें। दोषी एजेंसी पर 24 घंटे में कार्रवाई होगी।”निगम ने शहर में चल रहे सभी कूड़ा वाहनों की औचक जांच शुरू कर दी है। बिना तिरपाल या ढके वाहनों पर ₹25,000 से ₹50,000 तक का जुर्माना लगाया जाएगा। लगातार लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।

