हरिद्वार:(चीफ एडिटर)गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहब को लेकर सिख समाज ने एक बार फिर बैठक आयोजित की। गुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गुरुद्वारे के मूल स्थान को लेकर संघर्ष को और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में समिति के सदस्य अनूप सिंह सिद्धू ने कहा कि हरजीत सिंह दुआ के द्वारा बताए गए स्थान को गुरुद्वारा मानना बिल्कुल गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिख समाज को वही स्थान चाहिए जहां गुरु नानक देव ने आकर पूजा-पाठ और तपस्या की थी। उन्होंने कहा कि प्रशासन यदि किसी अन्य स्थान की पेशकश करेगा तो समाज उसे स्वीकार नहीं करेगा।
समिति के संरक्षक बाबा पंडित ने कहा कि पिछले नौ वर्षों से सिख समाज इस मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन कुछ लोग संघर्ष को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं समिति के अध्यक्ष सुब्बा सिंह ढिल्लो ने हरजीत सिंह दुआ के बयान का कड़ा विरोध किया और शासन-प्रशासन से मांग की कि उनकी बनाई कमेटी को तत्काल भंग किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिस स्थान को दुआ द्वारा गुरुद्वारा बताया जा रहा है, वह धरना स्थल है, जहां सिख समाज लगातार पूजा-पाठ करता आया है, लेकिन इसे गुरुद्वारे के नाम पर स्वीकार करना गलत होगा।
बैठक में बाबा पंडित, सतपाल सिंह चौहान, उज्जवल सिंह, हरमोहन सिंह, जोगिंदर सिंह, अनूप सिंह सिद्धू, सुबा सिंह ढिल्लो, बलविंदर सिंह, महेंद्र सिंह, चावला बसंत सिंह, जोबन सिंह, बिक्रमजीत सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

