Breaking
20 Sep 2026, Sun

स्काउट-गाइड आंदोलन को नई दिशा देने पर मंथन, त्रैमासिक बैठक में बनी आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा

टिहरी गढ़वाल/ढालवाला:(जीशान मलिक) भारत स्काउट एवं गाइड, नरेंद्रनगर-टिहरी गढ़वाल की त्रैमासिक बैठक राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढालवाला में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, शिविरों तथा विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पंजीकरण एवं नवीनीकरण शुल्क, वार्षिक अंशदान, आगामी प्रशिक्षण शिविरों की तैयारियों तथा संगठन के रिक्त पदों पर पदाधिकारियों के गठन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस आंदोलन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।पदाधिकारियों ने कहा कि स्काउट-गाइड की निर्धारित वेशभूषा, अनुशासन, समयपालन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता संगठन की प्रमुख पहचान हैं। सभी सदस्यों से कार्यक्रमों में निर्धारित वेशभूषा के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया गया। साथ ही आगामी प्रशिक्षण शिविरों एवं सेवा गतिविधियों के लिए आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में ब्लॉक मुख्यायुक्त दीप्ति, जिला सचिव (स्काउट/गाइड) बीपी सिंह, ब्लॉक आयुक्त विनोद कुमार, आयुक्त विनोद शाकलानी, आयुक्त मनमोहन, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) आदित्य नारायण सिंह, डॉ. ओमवीर, अंशुल राणाकोटी, हरेंद्र बंगवाल, प्रधानाध्यापिका पुनीता, संगठन आयुक्त (गाइड) अनुरागी, प्रिया कनोजिया, ऊषा तिवारी, भंडारी, सुशील कुकरेती, सुरेंद्र सिंह, कर्म सिंह विहानिया, नवीन पंचपुरी, उनियाल जी तपोवन सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्काउट मास्टर-गाइड कैप्टन मौजूद रहे।

जिला नोडल अधिकारी (मीडिया) विश्व प्रकाश मेहरा ने भी बैठक में सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन भारत स्काउट एवं गाइड नरेंद्रनगर के ब्लॉक सचिव जयराम कुशवाहा ने किया, जबकि वीरेंद्र दत्त कुड़ियाल की ओर से जलपान की व्यवस्था की गई।बैठक के समापन पर सभी पदाधिकारियों ने स्काउट एवं गाइड आंदोलन को और मजबूत बनाने तथा विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता जताई। ब्लॉक सचिव जयराम कुशवाहा ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आवश्यकता के अनुसार शीघ्र ही प्रत्यक्ष बैठक अथवा गूगल मीट के माध्यम से आगे की रणनीति तय की जाएगी।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *