सैनी समाज की धरोहर पर संकट, 3 अगस्त को बुलाई गई आमसभा
हरिद्वार,हर्ष सैनी ,भगवा सनातन टाइम्स
ऐतिहासिक सैनी आश्रम को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में आश्रम से जुड़े एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए संपत्ति के दुरुपयोग और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से समाज को गुमराह करने का आरोप लगाया।
पत्रकारों से बातचीत में मनोज सैनी ने कहा कि “सैनी समाज के पुरखों द्वारा स्थापित इस प्राचीन धरोहर को कुछ लोग निजी स्वार्थ के लिए बर्बाद करने पर तुले हैं।” उन्होंने दावा किया कि पूर्व मंत्री रामसिंह सैनी के गुर्गों द्वारा डॉ. राजेश सैनी को जान से मारने की धमकी दी गई, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनके या उनके साथियों के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी पूर्व मंत्री और उनके समर्थकों की होगी।
मनोज सैनी ने आरोप लगाया कि बंद कमरों में फर्जी प्रस्ताव पास किए जा रहे हैं, जाली दस्तावेज और हस्ताक्षरों के जरिए आश्रम की संपत्ति को खुर्दबुर्द करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सब समाज के साथ धोखा है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सैनी सभा के निवर्तमान ऑडिटर समय सिंह सैनी ने कहा कि “आश्रम के हिसाब-किताब में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं और ऑडिट रिपोर्ट में कई गड़बड़ियां उजागर हुई हैं।” उन्होंने दावा किया कि आश्रम की संपत्ति को निजी हित में इस्तेमाल किया जा रहा है।
वहीं डा. राजेश सैनी ने कहा कि जो लोग अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है, लेकिन समाज इन दबावों में झुकेगा नहीं।
तेज प्रताप सैनी ने दो टूक कहा कि “सैनी समाज का युवा वर्ग अपनी धरोहर को लूटने नहीं देगा और जो लोग इसे कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके चेहरे बेनकाब किए जाएंगे।”
वार्ता में नवीन सैनी, डॉ. संजीव सैनी, आशीष सैनी समेत कई अन्य लोगों ने भी सैनी आश्रम विवाद पर अपने विचार रखे। उन्होंने ऐलान किया कि 3 अगस्त को सैनी आश्रम में समाज की एक विशाल आमसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के सभी लोगों को सच्चाई से अवगत कराया जाएगा।
विवाद को लेकर समाज में असंतोष बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।

