Breaking
28 Aug 2026, Fri

वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों पर जागरूकता का संदेश, विधिक सेवा प्राधिकरण ने मनाया दिवस

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की ओर से शुक्रवार को वानप्रस्थ आश्रम ज्वालापुर और सिडकुल स्थित हेलोनिक्स कंपनी में विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना रहा।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त के निर्देश पर आयोजित वानप्रस्थ आश्रम के कार्यक्रम में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिमरनजीत कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने आश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।

सचिव ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के तहत वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाले अधिकारों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विधिक सहायता के लिए नालसा की हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर वानप्रस्थ आश्रम के पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।इसी क्रम में सिडकुल स्थित हेलोनिक्स कंपनी में भी वरिष्ठ नागरिकों और कर्मचारियों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी सचिव सिमरनजीत कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने उपस्थित वरिष्ठ कार्मिकों एवं कर्मचारियों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम सहित उनके अन्य मौलिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को त्वरित तथा निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी व्यक्ति को कानूनी सहायता के अभाव में न्याय से वंचित न होना पड़े, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद के विभिन्न स्थानों पर भी वरिष्ठ नागरिकों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया गया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *