Breaking
31 Jul 2026, Fri

रुड़की न्यायालय में शुरू हुई फ्री लीगल हेल्प डेस्क, बार कार्यालय का उद्घाटन और हरेला पर वृक्षारोपण

रूड़की:(चीफ एडिटर) अब रुड़की न्यायालय आने वाले गरीब और असहाय लोगों को फ्री में कानूनी सलाह मिलेगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के तत्वावधान में तहसील विधिक सेवा समिति रुड़की द्वारा संचालित “लीगल एड हेल्प डेस्क” का शुभारंभ किया गया।

हेल्प डेस्क का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेन्द्र दत्त ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस डेस्क का मुख्य उद्देश्य आमजन, गरीब, वंचित और असहाय लोगों को निःशुल्क विधिक सलाह और पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसके लिए पैनल अधिवक्ताओं और पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLV) की तैनाती भी की गई है।

कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश ने रुड़की तहसील बार एसोसिएशन के नए कार्यालय का भी विधिवत उद्घाटन किया और न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।हरेला पर्व के अवसर पर न्यायालय परिसर और नहर किनारे बड़े स्तर पर वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान न्यायाधीश नरेन्द्र दत्त ने कहा कि “हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को बचाने का संदेश है। हर नागरिक को अधिक से अधिक पेड़ लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।”

वृक्षारोपण में न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, बार के पदाधिकारी और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों ने भाग लिया। सभी ने “हरित उत्तराखंड” बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में रुड़की न्यायालय के सभी अपर जिला जज, सिविल जज, CJM, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव और तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री सिमरनजीत कौर ने सभी का आभार व्यक्त किया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *