Breaking
6 Jun 2026, Sat

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर महिला महाविद्यालय कनखल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखण्ड, नैनीताल के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार नरेन्द्र दत्त के आदेशानुसार दिनांक 24 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार द्वारा महिला महाविद्यालय डिग्री कॉलेज, कनखल, हरिद्वार में एक विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सचिव/सिविल जज (एस.डी.) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार सिमरनजीत कौर रहीं। इस अवसर पर कॉलेज की छात्राओं द्वारा पोस्टर प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया तथा बालिकाओं के अधिकारों से संबंधित रचनात्मक कृतियाँ प्रस्तुत की गईं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लॉ इंटर्न—दिव्य अग्रवाल, खुशी शर्मा, मानसी गोयल एवं कंचन शर्मा—द्वारा बाल विवाह निषेध अधिनियम, महिलाओं से संबंधित अपराध, भ्रूण हत्या, दहेज निषेध अधिनियम आदि विषयों पर जानकारी दी गई। तथा कविता के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रस्तुत किए गए।

रमन कुमार सैनी, एडवोकेट द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने के उद्देश्य, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जा रही निःशुल्क विधिक सहायता, विभिन्न गतिविधियों एवं नालसा टोल-फ्री नंबर 15100 के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि सिमरनजीत कौर द्वारा पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध अधिनियम, महिलाओं से संबंधित अपराध, प्रतिपूरक (प्रतिदान) योजना, साइबर अपराध आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही इस अवसर पर “दहेज को कहें ना” अभियान का भी शुभारंभ किया गया।इस कार्यक्रम के अंत में पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों का चयन कर मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कॉलेज की प्रबंध समिति की सचिव वीणा शास्त्री, प्राचार्या डॉ. गीता जोशी, समस्त प्रोफेसरगण, कॉलेज स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर प्रोफेसर प्रेरणा द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *