Breaking
15 Sep 2026, Tue

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किए बाबा केदार के दर्शन, व्यवस्थाओं को सराहा

देहरादून:(जीशान मलिक)राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शनिवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। उन्होंने प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।दर्शन के बाद राज्यपाल ने यात्रा व्यवस्थाओं, पुनर्निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बेहद कम समय में दर्शन पूरे किए, जिससे श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई। राज्यपाल के दौरे के दौरान यात्रा सामान्य रूप से संचालित होती रही, श्रद्धालुओं को कहीं नहीं रोका गया। राज्यपाल ने इस सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की सराहना की।

धाम भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से संवाद किया। उन्होंने यात्रा संबंधी अनुभव और सुझाव लिए। श्रद्धालुओं ने सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और दर्शन व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया।राज्यपाल ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का अभियान है। इसमें प्रशासन, स्थानीय लोग, पुलिस और स्वयंसेवी संस्थाएं पूरे समर्पण के साथ कार्य कर रही हैं।

राज्यपाल ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से धाम की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ की पावन भूमि आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का प्रतीक है। इसकी पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखना सभी का दायित्व है। राज्यपाल ने पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित वस्तुओं को खरीदने की भी अपील की, ताकि स्थानीय व्यापार और आर्थिकी को मजबूती मिल सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, तीर्थ पुरोहित समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *