पिरान कलियर:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता)पिरान कलियर क्षेत्र के रहमतपुर गाँव में रतमऊ नदी किनारे खनन माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला एक गरीब विधवा महिला की श्रेणी-3 की पट्टे की ज़मीन से जुड़ा है।जहाँ खनन माफियाओं ने खुलेआम कई सौ घन मिट्टी उठा ली। इतना ही नहीं, मिट्टी निकालने के बाद नदी का पानी भी उसकी ज़मीन की ओर मोड़ दिया गया है, जिससे खेत पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं।
पीड़ित महिला बती का कहना है कि करीब 20 वर्ष पहले सरकार ने उसे श्रेणी-3 के अंतर्गत 8 बीघा ज़मीन आवंटित की थी, जिस पर वह गेहूं और धान की खेती कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। लेकिन हाल ही में नदी किनारे से गुजरने वाले नए हाईवे निर्माण के बहाने खनन माफियाओं ने उसकी ज़मीन से मिट्टी निकालनी शुरू कर दी। धीरे-धीरे पूरी ज़मीन खोखली हो गई और अब खेती योग्य नहीं रही।
प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
पीड़िता के अनुसार, उसने कई बार स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीण वसीम ने बताया कि इस अवैध खनन की सूचना उन्होंने खनन अधिकारी को दी थी, परंतु उन्होंने न तो निरीक्षण किया और बाद में फोन तक उठाना बंद कर दिया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य नूर अली ने इस घटना को “बेहद शर्मनाक” बताते हुए कहा, “एक गरीब विधवा की ज़मीन से मिट्टी लूटी जा रही है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।”
कलाम टीम संगठन के ग्राम अध्यक्ष वसीम अंसारी ने भी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि, “यह साफ़ अन्याय है। गरीब महिला की मेहनत की ज़मीन हड़प ली गई है, लेकिन प्रशासन चुप है। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो गाँव के लोग सामूहिक आंदोलन करेंगे।”
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़िता को न्याय नहीं मिला तो वे जॉइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरना देने को मजबूर होंगे।
इस पूरे प्रकरण ने एक बार फिर प्रशासनिक उदासीनता और खनन माफियाओं की बढ़ती ताकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

