Breaking
1 Aug 2026, Sat

युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

रुड़की:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार व प्रतिभा ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ माना जा रहा है। स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी पहलें युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगार सृजक बना रही हैं।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाएं रोजगार के नए अवसर दे रही हैं।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों से उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। नीति आयोग के सतत विकास सूचकांक में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है। अब राज्य में रिवर्स माइग्रेशन का माहौल बन रहा है और युवा स्वरोजगार व उद्यमिता से जुड़ रहे हैं।उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने से भर्ती में पारदर्शिता आई है। पिछले साढ़े चार साल में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया से सरकारी नौकरी मिली है। प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आईटी लैब, परीक्षा भवन और नए महाविद्यालयों की स्थापना पर काम हो रहा है। इसी अवधि में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं।युवा संवाद में मुख्यमंत्री ने भुनेश गोयल, रीया वंदना और सोनालिका के सवालों का जवाब दिया। भुनेश गोयल के सवाल पर उन्होंने कहा कि स्टार्टअप को प्रोत्साहन और वित्तीय सहायता दी जा रही है। रीया वंदना के सोशल मीडिया पर अफवाहों वाले सवाल पर उन्होंने बताया कि साइबर सेल सक्रिय है और भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। सोनालिका के कुंभ 2027 की तैयारी वाले सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए भीड़ प्रबंधन, घाटों का विस्तार और एआई व ड्रोन आधारित निगरानी की व्यवस्था की जा रही है।कार्यक्रम के आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक देहात शेखर सुयाल, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *