Breaking
7 Jun 2026, Sun

मानसिक अस्वस्थ को गुमराह कर संपत्ति हड़पने का आरोप, विरोध पर कुल्हाड़ी से किया हमला

मंगलौर:(जीशान मलिक) कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के ग्राम पीरपुरा में चल रहा संपत्ति विवाद अब खूनी संघर्ष की ओर बढ़ता दिख रहा है। गांव के तीन सगे भाइयों अकरम, मुकर्रम और जावेद ने आलाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर अपने ही परिवार के लोगों पर संपत्ति हड़पने की साजिश, 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़ित पक्ष का दावा है कि इस पूरे प्रकरण में एक प्रभावशाली सफेदपोश नेता और गांव के पूर्व प्रधान की भूमिका भी संदिग्ध है, जो पर्दे के पीछे से साजिश को हवा दे रहे हैं।पीड़ित भाइयों ने बताया कि पैतृक संपत्ति का बंटवारा वर्षों पहले हो चुका है। सभी अपने-अपने हिस्से की जमीन पर खेती कर गुजर-बसर कर रहे हैं। इसके बावजूद उनके सगे भाई मोहर्रम अली, उनकी पत्नी और पांच बेटे मिलकर उनकी खरीदी हुई जमीन में भी हिस्सा मांग रहे हैं। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने मानसिक रूप से अस्वस्थ मुनतियाज पुत्र अल्लाह बख्श को गुमराह कर अपने प्रभाव में ले लिया है और पिता के नाम दर्ज संपत्ति को आधार बनाकर दबाव बना रहे हैं।

“15 लाख दो वरना फर्जी केस में फंसा देंगे”: आरोप”

प्रार्थना पत्र में पीड़ितों ने लिखा कि एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट की नौबत आ गई, जिसकी पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। तभी से विरोधी पक्ष रंजिश रखे हुए है। आरोप है कि अब उनसे 15 लाख रुपये की मांग की जा रही है और धमकी दी जा रही है कि रकम न देने पर जमीन में बराबर का हिस्सा देना होगा, वरना झूठे मुकदमों में फंसा दिया जाएगा।

“अखबार में सूचना छपवाकर बेदखल करने की साजिश”

पीड़ितों ने बताया कि उन्हें संपत्ति से बेदखल करने के लिए विरोधी पक्ष ने एक समाचार पत्र में सूचना भी प्रकाशित करा दी थी। समय रहते जानकारी मिल जाने से वे कानूनी कार्रवाई कर पाए। उनका आरोप है कि गांव के कुछ प्रभावशाली सफेदपोश नेता और एक पूर्व प्रधान इस जमीन हड़पने की साजिश में विरोधियों का साथ दे रहे हैं। लगातार मिल रही धमकियों से पूरा परिवार दहशत में है।मामले में नया मोड़ तब आया जब ग्रामवासी अरशद पुत्र युनुस ने भी आरोप लगाया। अरशद ने बताया कि बीती 24 मई 2026 को मोहर्रम अली और उसके बेटों ने उसके घर के सामने जबरन ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी कर रास्ता रोक दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने कुल्हाड़ी और बलकटी से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। अरशद का कहना है कि “ये लोग दबंग और गुंडे किस्म के हैं, आए दिन गांव में मारपीट कर माहौल खराब करते हैं।”तीनों भाइयों ने डीएम और एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर मुकदमा दर्ज करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें प्रशासन और कानून व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि जांच के बाद न्याय मिलेगा। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और दोनों पक्षों के बीच कभी भी बड़ी घटना की आशंका जताई जा रही है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *