हरिद्वार:(भगवा सनातन टाइम्स चीफ एडिटर)मई दिवस के अवसर पर भेल हरिद्वार की दोनों यूनिटों – हीप एवं सीएफएफपी – की एटक यूनियन द्वारा एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें शिकागो व भेल के अमर शहीदों को याद किया गया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत हीप के मेन गेट पर सैकड़ों एटक कार्यकर्ताओं के एकत्र होने से हुई, जहां उन्होंने केंद्र सरकार एवं भेल प्रबंधन की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज किया। इसके उपरांत सभी कार्यकर्ता एक जुलूस के रूप में नारे लगाते हुए यूनियन कार्यालय लुम्बा-नागर भवन पहुंचे।
वहां एटक उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष का. एम.एस. त्यागी द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके बाद का. आर.के. गर्ग, का. केसी नागर, का. सतीश लुम्बा सहित भेल और शिकागो के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
सभा का संचालन करते हुए एटक हीप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप चौधरी ने मई दिवस के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आज मजदूर वर्ग को जो भी अधिकार और सुविधाएं प्राप्त हैं, वे शहीदों के बलिदान का परिणाम हैं और वर्तमान समय में इन अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए एकजुट संघर्ष की आवश्यकता है।
एटक सीएफएफपी के अध्यक्ष नईम खान ने कहा कि दुनिया में जो भी विकास कार्य हुए हैं, उनकी नींव मजदूर वर्ग ने रखी है, परंतु पूंजीपति वर्ग अब भी मजदूरों को उनका पूरा हक देने से पीछे हटता है। ऐसे में संघर्ष को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने की जरूरत है।
एटक हीप के अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि मई दिवस हमें प्रेरणा देता है कि हम ट्रेड यूनियन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें और अपने हक के लिए संगठित रूप से कार्य करें।
प्रदेश अध्यक्ष एम.एस. त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में हमें दो मोर्चों – केंद्र सरकार और भेल प्रबंधन – पर संघर्ष करना होगा, क्योंकि दोनों मिलकर भेल को निजीकरण की ओर धकेल रहे हैं। इससे बचने का एकमात्र उपाय एकजुट संघर्ष ही है।
इस अवसर पर एटक के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी जैसे मनमोहन कुमार, सुभाष त्यागी, रविकान्त त्यागी, अशोक शर्मा, रवि राय, तरुण डुडेजा, दीपक कुमार, गजेन्द्र कुमार, घनश्याम यादव, संकल्प त्यागी, भुवन भट्ट समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

