रुड़की:(चीफ एडिटर)विद्युत विभाग बिजौली रुड़की में ठेका कर्मचारियों के साथ शोषण और दबाव बनाए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार स्वयं सहायता समूह बिजौली रुड़की के सचिव दुष्यंत कुमार पर आरोप है कि उन्होंने ठेकेदार के कर्मचारियों और समूह से जुड़े कार्मिकों को संगठन की बैठक में उपस्थित न होने पर ग्रुप में धमकी दी है कि जो कर्मचारी मीटिंग में नहीं आएगा, उसका वेतन कटवा दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार कर्मचारियों को इसी प्रकार की धमकियां दी जा चुकी हैं। इससे वे कर्मचारी जो अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा से करना चाहते हैं, उन्हें भी संगठन के दबाव में अनिच्छा के बावजूद कार्य से अनुपस्थित होना पड़ता है।
कर्मचारियों का कहना है कि विभागीय अधिकारी इस पूरे मामले में आंख मूंदे बैठे हैं। एक ओर जहां ठेकेदारों द्वारा ठेका कार्मिकों का शोषण किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर संगठन से जुड़े कुछ लोग भी कर्मचारियों पर अनुचित दबाव बना रहे हैं। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
इस संबंध में सचिव दुष्यंत कुमार से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका बयान नहीं लिया जा सका।

