Breaking
13 Jun 2026, Sat

“बहादराबाद में विश्व हिन्दू परिषद का भव्य सेवा कुंभ सम्पन्न,शिक्षा–स्वास्थ्य–स्वावलम्बन के संकल्पों से गूंजा आयोजन”

हरिद्वार:(चीफ एडिटर)विश्व हिन्दू परिषद उत्तराखण्ड के सेवा विभाग द्वारा संचालित ‘भव्य सेवा कुंभ’ का समापन रविवार को संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में पूर्ण विधि-विधान के साथ हुआ। यह सेवा कुंभ केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज-निर्माण, संस्कार-संवर्धन और राष्ट्र उत्थान की दिशा में एक सशक्त संदेश बनकर सामने आया।

विहिप सेवा विभाग द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलम्बन, संस्कार और समरसता के क्षेत्र में संचालित कार्यक्रमों ने प्रदेश और विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों परिवारों को नई दिशा दी है। संगठन का उद्देश्य समाज के उपेक्षित, अभावग्रस्त एवं जरूरतमंद वर्गों तक दीर्घकालिक, आत्मनिर्भर और संवेदनशील सेवा पहुँचाना है।

जनप्रतिनिधियों व संतों ने सराहा सेवा की भावना

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि “विश्व हिन्दू परिषद समाज के भीतर जो संस्कार-दीप प्रज्वलित कर रही है, वह केवल सेवा नहीं, बल्कि भारत के भविष्य को मजबूत बनाने वाला राष्ट्रीय आंदोलन है। उत्तराखण्ड में सेवा कार्यों की यह गति आने वाले समय में बड़ा सामाजिक परिवर्तन लाएगी।”

विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय सहमंत्री एवं केंद्रीय सहसेवा प्रमुख आनंद हरबोला ने अपने संबोधन में कहा कि विहिप का सेवा मॉडल पूरे राष्ट्र के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण है।

उन्होंने कहा, “सेवा कुंभ समाज में सजगता और संवेदना को बढ़ाने वाला आयोजन है। हमारा उद्देश्य एक संस्कारित, समरस और सबल राष्ट्र का निर्माण है, जो अब साकार रूप ले रहा है।”

विहिप उत्तराखण्ड के प्रांत संगठन मंत्री अजय कुमार ने कहा कि सेवा कुंभ समाजसेवकों के लिए एक प्रशिक्षण और ऊर्जा-संवर्धन का मंच है। उन्होंने बताया कि संगठन की स्वावलम्बन परियोजनाएँ हजारों युवाओं और परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की न्यायाधीश सिमरनजीत कौर ने परिषद के सेवा कार्यों को सराहते हुए कहा कि विहिप जहाँ समाज को सशक्त बना रही है, वहीं विधिक जागरूकता और सामाजिक न्याय के विषयों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

परमपूज्य गंगादास महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा, “सेवा परम् धर्म है। यह सेवा कुंभ देवभूमि उत्तराखण्ड की दिव्य परंपरा को आगे बढ़ाने वाला आध्यात्मिक-सामाजिक संगम है। जहाँ सेवा और संस्कार साथ होते हैं, वहीं सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है।”

विहिप का सेवा संकल्प और व्यापक सहभागिता समापन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे –

राधेश्याम द्विवेदी (क्षेत्र सेवा प्रमुख), रविदेव आनंद (प्रांत अध्यक्ष, विहिप उत्तराखण्ड), भारत गगन अग्रवाल, प्रदीप मिश्रा (प्रबंधक, वात्सल्य वाटिका), अनिल भारतीय (प्रांत सेवा प्रमुख), बलराम कपूर (जिला अध्यक्ष विहिप हरिद्वार), संजीव गुप्ता (उद्योगपति), दीपक धीमान, संजीव धीमान, दीपक तालियान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समाजसेवी।

सेवा कुंभ 2025 उत्तराखण्ड में सेवा-भाव, समाज-निर्माण और राष्ट्र-संकल्प की एक प्रेरणादायी मिसाल बनकर सम्पन्न हुआ।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *