देहरादून:(जीशान मलिक) गोवा में मुंबई के एक कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर करोड़ों की वसूली करने वाले ‘सेक्सटॉर्शन’ रैकेट के सरगना सलमान खान को उत्तराखंड STF ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अगस्त 2023 से फरार चल रहा था।
पूछताछ में सामने आया कि सलमान खान ने इमाद निवासी सहारनपुर, निवेदिता शर्मा निवासी कालका दिल्ली, मो. आयान, मोहम्मद वसीद, फैजान, फरजान, यासर, राज चौधरी और भुवन अरोड़ा निवासी हरिद्वार के साथ मिलकर गैंग बनाया था। यह गैंग लड़कियों का इस्तेमाल कर अमीर बिजनेसमैन को टारगेट करता था। खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अफसर बताकर फर्जी आई-कार्ड दिखाते थे। पीड़ितों का अश्लील वीडियो बनाकर बंधक बनाते, मारपीट करते और रेप्युटेशन खराब करने की धमकी देकर मोटी रकम ऐंठते थे।
गैंग ने निवेदिता शर्मा के जरिए मुंबई के कारोबारी को जाल में फंसाया। प्लान के तहत नॉर्थ गोवा के विला हाउस फॉरेस्ट कुचेलिया मापुसा में विला किराये पर लिया और कैमरे फिट किए। निवेदिता कारोबारी के साथ विला में रुकी। रात में गैंग के सदस्य खुद को NCB टीम बताकर घुस गए। फर्जी आई-कार्ड दिखाकर कारोबारी का अश्लील वीडियो बनाया, बंधक बनाकर मारपीट की और करोड़ों ऐंठने की कोशिश की।
पीड़ित की शिकायत पर गोवा पुलिस ने निवेदिता शर्मा और भुवन अरोड़ा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। गैंग के अन्य सदस्य भी पकड़े जा चुके हैं। सरगना सलमान खान लगातार फरार था। गोवा पुलिस के अनुरोध पर STF उत्तराखंड ने 23 मई को उसे देहरादून से गिरफ्तार कर गोवा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक गैंग ने अन्य राज्यों में भी कई वारदात की हैं। आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अबुल कलाम, उ.नि. विद्यादत्त जोशी, हे.का. संजय कुमार, हे.का. महेन्द्र नेगी, हे.का. देवेंद्र ममगाई, कां. मोहन असवाल शामिल रहे।

