पिरान कलियर:(जीशान मलिक)पिरान कलियर क्षेत्र के अंतर्गत रहमतपुर रोड के पास शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक खाली प्लॉट में खड़े ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और कोई जनहानि नहीं हुई।
” आस पास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल…
मिली जानकारी के अनुसार, रहमतपुर रोड स्थित एक प्लॉट में खड़े ट्रक में दोपहर के समय अचानक धुंआ उठने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। धुंआ और लपटें देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना ट्रक स्वामी और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चेतक कर्मी रविंद्र बालियान व जमशेद अली मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने स्थानीय नागरिकों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।लाखों का हुआ नुकसान आग इतनी भीषण थी कि जब तक उस पर काबू पाया जाता, ट्रक के सभी टायर जलकर राख हो चुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस अग्निकांड में ट्रक मालिक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

