Site icon Bhagwa Sanatan Times

पिरान कलियर:उर्स मेले में खाद्य सुरक्षा की सख्ती, चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा को लेकर सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।

अभियान के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम कैलाश चंद्र टम्टा ने रानीपुर मोड़ क्षेत्र स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। एक ग्राहक की शिकायत का संज्ञान लेते हुए उन्होंने नामी कंपनी के रेस्टोरेंट बर्गर किंग का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य तेल और दूध के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।

कैलाश चंद्र टम्टा ने न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के न्यायालय में तीन खाद्य कारोबारियों/निर्माताओं के खिलाफ मिथ्या छाप खाद्य सामग्री के निर्माण, पैकिंग एवं विक्रय के मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की विभिन्न धाराओं के तहत वाद भी दायर किए हैं। इन मामलों में नियमानुसार अधिकतम तीन लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।

“कलियर उर्स में भी चला संयुक्त जांच अभियान”

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की तथा सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, हरिद्वार के निर्देश पर 24 अगस्त को पिरान कलियर उर्स/मेले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग रुड़की की संयुक्त टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया।टीम ने मेले में संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच करते हुए संचालकों को खाद्य लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित करने, रेट लिस्ट लगाने और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य पदार्थों को ढककर एवं सुरक्षित तरीके से रखने के साथ ही उन्हें परोसने के लिए मुद्रित/प्रिंटेड कागज का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत भी दी गई।

निरीक्षण के दौरान हल्दी पाउडर, चाय, पोहा और देसी घी के कुल चार नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।संयुक्त निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी तहसील रुड़की कपिल देव, पूर्ति निरीक्षक रुड़की टी.एन. शर्मा एवं नीलम भास्कर मौजूद रहे।

Exit mobile version