Site icon Bhagwa Sanatan Times

जंग लगे कनस्तरों में मिली मिठाई, गंदगी देख खाद्य सुरक्षा टीम ने बंद कराई यूनिट

हरिद्वार:(जीशान मलिक) खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को जिलेभर में पनीर एवं मिठाई निर्माण इकाइयों, मिठाई की दुकानों और डेयरियों के खिलाफ विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान सोहलपुर, कलियर क्षेत्र स्थित वाजिद स्वीट्स में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। टीम ने मौके से खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ ही बड़ी मात्रा में मिठाइयों और स्टार्च पाउडर को नष्ट कराया। इकाई में मिठाई निर्माण का काम अग्रिम आदेशों तक बंद कराते हुए फर्म का एफएसएसएआई लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।

अभियान खाद्य सुरक्षा, उत्तराखंड के आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाया गया। उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सोहलपुर स्थित वाजिद स्वीट्स का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जंग लगे और गंदे टीन के आठ कनस्तरों में करीब 1.6 कुंतल सफेद रसगुल्ले, 15 किलो गुलाबी रंग के रसगुल्ले, 25 किलो स्टार्च पाउडर और करीब 40 किलो मिल्क केक बिक्री के लिए रखा मिला। कई कनस्तरों में मृत मधुमक्खियां और मक्खियां भी पाई गईं। टीम के अनुसार निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी। कच्ची फर्श, गंदगी और साफ-सफाई के अभाव के चलते दीवारों व छत पर कालापन पाया गया। मिल्क केक की ट्रे और डिब्बे भी धूल भरे स्थानों पर रखे मिले।

टीम ने खुले रसगुल्ले और स्टार्च पाउडर के तीन नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। इसके बाद शेष मिठाइयों और करीब दो कुंतल स्टार्च पाउडर को मौके पर गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इकाई में मिठाई निर्माण का कार्य अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया तथा फर्म का एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित कर दिया।इसी टीम ने सिडकुल क्षेत्र स्थित एक पनीर निर्माण इकाई का भी निरीक्षण किया। यहां फ्रीजर में करीब 50 किलो निर्मित पनीर संदिग्ध पाया गया। पनीर एनालॉग है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। हालांकि मौके पर किसी हानिकारक केमिकल की मौजूदगी नहीं मिली।वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने मायापुर, कनखल, रानीपुर मोड़ और ज्वालापुर क्षेत्र में आठ डेयरियों, ढाबों, रेस्टोरेंट और सप्लायरों का निरीक्षण किया। टीम ने घेवर, पतीसा, खुले दूध, पैक्ड दही और पैक्ड ऑयल के कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पाण्डेय ने रुड़की शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयों के तीन नमूने लिए।

इस प्रकार जिलेभर में अभियान के दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जनपद हरिद्वार में मिलावट और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version