हरिद्वार:(ज़ीशान मलिक)चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपद में संचालित होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट और दुकानों पर लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने साफ कहा कि खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह की मिलावट और ओवर रेटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड सचिन कुर्वे और जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग ने पूरे जनपद में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। सहायक आयुक्त/जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि अभियान के तहत खाद्य एवं पेय सामग्री के नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद टम्टा ने हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र के रेस्टोरेंट, वितरकों और डेयरी का निरीक्षण किया। ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वितरक से फैंटा कोल्ड ड्रिंक का नमूना लिया गया। आर्य नगर चौक स्थित एक रेस्टोरेंट से संदेह के आधार पर खुली हल्दी पाउडर का नमूना लिया। ज्वालापुर की एक डेयरी से दूध का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
अभियान के तहत कुल 6 रेस्टोरेंट, 3 ढाबे, 2 वितरक और 1 डेयरी का निरीक्षण किया गया। सभी होटल-रेस्टोरेंट को खाद्य अनुज्ञप्ति के साथ फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए।
“होटलों को दिए ये निर्देश”
1. सभी कार्मिक निर्धारित ड्रेस में रहें और उनका चिकित्सा परीक्षण कराएं
2. डस्टबिन रखकर कूड़े का उचित निस्तारण करें
3. हाथ धोने के लिए लिक्विड साबुन रखें
4. शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने रुड़की ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिष्ठानों से शहद के 2 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।चारधाम यात्रा के मद्देनजर अलकनक होटल में खाद्य कारोबारियों की जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट से जुड़े करीब 25 लोग शामिल हुए। विभाग ने सभी को फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड भी उपलब्ध कराए और खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी।जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा सीजन में लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गुजरेंगे। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई होगी।

