पिरान कलियर:(जीशान मलिक) बरसात की पहली बारिश ने ही दरगाह प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी। नालों की समय पर सफाई न होने से दरगाह क्षेत्र की सड़कों पर गंदा पानी बहने लगा, जिससे जायरीन और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कत हुई।हज हाउस रोड का बड़ा नाला, तालाब के पास का नाला, नक्कारखाने के पास और बुलंद दरवाजे के सामने वाला नाला बारिश में ओवरफ्लो हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इन नालों की सफाई नहीं हुई, जिसके चलते जल निकासी ठप हो गई।
बारिश का गंदा पानी दरगाह साबिर पाक के परिसर तक पहुंच गया। देश-विदेश से आए हजारों जायरीनों को गंदे पानी से गुजरना पड़ा। इससे जायरीन में नाराजगी है और दरगाह की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार दरगाह प्रशासन को नालों की सफाई के लिए कहा गया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने मांग की है कि बरसात से पहले सभी प्रमुख नालों की सफाई कर जल निकासी की व्यवस्था तुरंत दुरुस्त की जाए, ताकि सड़कों पर जलभराव और दरगाह परिसर तक गंदा पानी पहुंचने की नौबत न आए।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दरगाह प्रबंधन सिर्फ गरीबों का सामान जब्त करने तक सीमित है, क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

