Site icon Bhagwa Sanatan Times

परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 187 चालान, 7 वाहन सीज

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने शनिवार को जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में टीमों ने बीएचईएल, सिडकुल, बहादराबाद और रोड़ी बेलवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। अभियान में कुल 187 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 7 वाहन सीज किए गए।विभाग के अनुसार तेज गति से वाहन चलाने पर 68 चालान किए गए। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने सहित हेलमेट संबंधी उल्लंघनों पर 70 चालान हुए। इसके अलावा बिना वैध परमिट संचालन, परमिट शर्तों के उल्लंघन, ओवरलोडिंग, अनधिकृत वाहन परिवर्तन, प्रदूषण मानकों के उल्लंघन तथा फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और कर संबंधी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान बसों, मालवाहक वाहनों, टैक्सी, ऑटो और दोपहिया वाहनों की जांच की गई। यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने पर भी चालान किए गए।अभियान में वरुणा सैनी, हरीश कुमार सती, मुकेश भारती, भारत भूषण, अश्वनी कुमार और रविंद्र पाल सैनी ने प्रवर्तन कार्रवाई की।परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें और वाहन के सभी कागजात वैध रखें। विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version