चारधाम यात्रा के मद्देनजर आरटीओ का सख्त चेकिंग अभियान, 804 वाहनों के चालान, 19 वाहन सीज
देहरादून, 14 अप्रैल 2025 — चारधाम यात्रा के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने सख्त चेकिंग अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 12 और 13 अप्रैल को देहरादून संभाग के विभिन्न जिलों—देहरादून, विकासनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी और उत्तरकाशी—में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत 804 वाहनों के चालान किए गए जबकि 19 वाहनों को मौके पर ही बंद कर दिया गया। यह सख्ती चारधाम यात्रा मार्गों और अन्य प्रमुख सड़कों पर दिखाई गई, जिसमें देहरादून-मसूरी-कैम्पटी मार्ग, विकासनगर-बाड़वाला मार्ग, हरिद्वार-ऋषिकेश, रुड़की-हरिद्वार, ऋषिकेश-देवप्रयाग, ऋषिकेश-चंबा-टिहरी, और टिहरी-उत्तरकाशी मार्ग शामिल रहे।
24 टीमों की तैनाती, बाईक स्क्वाड और इंटरसेप्टर भी रहे शामिल
आरटीओ प्रवर्तन द्वारा बताया गया कि इस अभियान में कुल 24 प्रवर्तन टीमें लगाई गईं, जिनमें सचल दल, इंटरसेप्टर और बाइक स्क्वाड भी शामिल थे। देहरादून, विकासनगर, हरिद्वार, टिहरी और उत्तरकाशी में एआरटीओ और परिवहन कर अधिकारियों के नेतृत्व में टीमें सघन जांच में जुटीं।
चालान के आंकड़े:
•ओवरलोडिंग: 176 वाहनों के चालान
•ओवरस्पीडिंग: 107 चालान
•बिना फिटनेस: 31 वाहन
•बिना परमिट: 42 वाहन
•बिना ड्राइविंग लाइसेंस: 62 वाहन
•बिना टैक्स अदा किए: 97 वाहन
•ड्राइवर लाइसेंस के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति: 22 मामलों में
कठोर कार्रवाई की चेतावनी
आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला ने स्पष्ट किया कि चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जो वाहन ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाना या बिना वैध कागजातों के सड़कों पर चलते पाए जाएंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
यह चेकिंग अभियान न केवल चारधाम यात्रा की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम है, बल्कि सड़क पर अनुशासन और नियमों के पालन को भी बढ़ावा देगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपने सभी वाहन दस्तावेज और परमिट को सुनिश्चित करें।

