Site icon Bhagwa Sanatan Times

त्योहारों पर परिवहन विभाग सख्त, 4 ओवरलोड वाहन सीज, 25 के चालान

हरिद्वार:(जीशान मलिक) आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने रविवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग की गई। जमालपुर कलां क्षेत्र में विशेष कार्रवाई की गई। यहां ओवरलोडिंग करते पाए गए 4 वाहनों को सीज किया गया, जिनमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी शामिल है। विभाग ने बताया कि ओवरलोड वाहनों से सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सख्त कार्रवाई की गई।

विशेष अभियान में कुल 25 वाहनों के चालान किए गए। वहीं परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर 5 बसों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई। बस संचालकों को परमिट शर्तों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।एआरटीओ नेहा झा ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों और वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन स्वामियों से निर्धारित भार क्षमता और मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पालन करने की अपील की, नियम तोड़ने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version