Site icon Bhagwa Sanatan Times

लक्जरी-स्लीपर बसों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 22 बसों के चालान; पांच की फिटनेस निरस्त

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद में लक्जरी एवं स्लीपर बसों के खिलाफ परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में विभिन्न मार्गों और प्रमुख स्थानों पर यात्री बसों समेत अन्य व्यावसायिक वाहनों की सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 22 बसों के चालान किए गए, जबकि तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली पांच बसों की फिटनेस निरस्त कर दी गई।जांच अभियान के दौरान संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन ने बसों की तकनीकी स्थिति और फिटनेस मानकों की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, परिवहन कर, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, स्वीकृत वाहन संरचना और सुरक्षा उपकरणों की भी पड़ताल की।

जांच में कई वाहनों में अनधिकृत परिवर्तन, परमिट की शर्तों का उल्लंघन और निर्धारित प्रयोजन के विपरीत संचालन जैसी अनियमितताएं सामने आईं। कुछ बसों में यात्री सूची उपलब्ध नहीं थी, वहीं अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार पेटिका का अभाव, रिफ्लेक्टर में कमी, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल तथा चालक-परिचालक के निर्धारित वर्दी में नहीं होने जैसी कमियां भी पाई गईं।परिवहन विभाग की विभिन्न प्रवर्तन टीमों ने दिनभर अन्य श्रेणी के वाहनों की भी जांच की। समूची प्रवर्तन कार्रवाई में कुल 164 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में सात वाहनों को सीज किया गया।

अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, मुकेश भारती, भारत भूषण, हरीश कुमार सती, रविन्द्र पाल सैनी समेत विभाग की विभिन्न प्रवर्तन टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वाहनों का संचालन वैध दस्तावेजों, स्वीकृत संरचना, निर्धारित यात्री क्षमता और सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़, वाहनों में अनधिकृत बदलाव अथवा परमिट और फिटनेस शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि लक्जरी एवं स्लीपर बसों के साथ-साथ सभी यात्री और व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version