Site icon Bhagwa Sanatan Times

हरिद्वार में सुबह 4 बजे से परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 62 वाहनों के चालान, 4 लग्जरी बसें सीज

हरिद्वार:(रागिब नसीम) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने शनिवार को तड़के 4 बजे से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में चले अभियान में 62 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर 4 बसों को सीज कर दिया गया।विभाग ने बताया कि अभियान का मुख्य फोकस स्लीपर, लग्जरी और पर्यटक बसों पर था। जांच के दौरान कई बसों में परमिट शर्तों का उल्लंघन, पर्यटक परमिट का गलत उपयोग, बसों की बॉडी में अनधिकृत परिवर्तन और सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई। साथ ही रिफ्लेक्टर, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजातों की भी जांच की गई।

संभागीय निरीक्षक तकनीकी आनंद वर्धन ने बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा उपकरणों की विशेष जांच की। विभाग का कहना है कि लंबी दूरी की बसों में तकनीकी मानकों की अनदेखी यात्रियों की जान के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।अधिकारियों ने बताया कि बसों के अलावा अन्य व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों की भी जांच की गई, जिसमें ओवरलोडिंग और कागजात पूरे न होने पर कार्रवाई हुई।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियम तोड़ने वाले वाहन स्वामियों और संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version