ड्रोन से होगी घाटों की निगरानी: हरिद्वार नगर निगम ने कांवड़ मेले 2025 में अपनाई तकनीकी पहल
हरिद्वार,भगवा सनातन टाइम्स
2 जुलाई ,कांवड़ यात्रा 2025 के सफल आयोजन को लेकर नगर निगम हरिद्वार द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। तीर्थ नगरी की स्वच्छता और गरिमा बनाए रखने के लिए नगर निगम ने इस बार तकनीक के सहारे निगरानी को और सुदृढ़ किया है। घाटों की सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए ड्रोन सेवा शुरू की गई है।
यह ड्रोन सेवा आउटसोर्स फर्मआइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी लिमिटेड के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, जो कांवड़ मेले के दौरान विभिन्न घाटों और उनके आसपास के क्षेत्रों की रियल टाइम निगरानी कर रही है। इस कदम को स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नवाचार माना जा रहा है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने घाटों पर अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की है। प्रत्येक घाट पर सुपरवाइजर की निगरानी में सफाई कार्य जारी है। नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किए गए हैं, जो न केवल सफाई व्यवस्था देख रहे हैं, बल्कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी कर रहे हैं।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने जानकारी दी कि जैसे ही किसी घाट पर गंदगी की स्थिति पाई जाती है, ड्रोन द्वारा उसकी फोटो लोकेशन सहित खींचकर निगम के अधिकृत व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा की जाती है। इस ग्रुप से जुड़े मुख्य सफाई निरीक्षक तुरंत कार्रवाई करते हैं और संबंधित घाट के सुपरवाइजर के माध्यम से त्वरित सफाई सुनिश्चित कराई जाती है।
ड्रोन आधारित यह निगरानी प्रणाली नगर निगम की पारंपरिक व्यवस्थाओं से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीक के उपयोग की दिशा में बड़ा कदम है। यह पहल नगर निगम की सक्रियता, तकनीकी दक्षता और पारदर्शिता का समन्वय प्रस्तुत करती है।
हरिद्वार नगर निगम का यह अभिनव प्रयास आने वाले वर्षों में कांवड़ मेले और अन्य तीर्थ आयोजनों के लिए एक स्थायी मॉडल के रूप में अपनाया जा सकता है।

