Breaking
5 Aug 2026, Wed

डीएलएसए ने ज्वालापुर में मेडिकल स्टोर्स का किया औचक निरीक्षण, जिला कारागार और किशोर न्याय बोर्ड में भी बढ़ाई गई विधिक सहायता

हरिद्वार:(चीफ एडिटर)जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त के आदेश पर आज सचिव/सिविल जज (एस0डी0) सिमरनजीत कौर के नेतृत्व में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की टीम ने स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर ज्वालापुर के सुभाषनगर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स और कन्फेक्शनरी दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

“एक्सपायरी दवाओं और साफ-सफाई की जांच”

निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स में रखी दवाओं की एक्सपायरी डेट, स्टॉक रजिस्टर और दुकानों की साफ-सफाई का विशेष रूप से जायजा लिया गया। जिन मेडिकल स्टोर्स में अनियमितताएं पाई गईं, उनके संबंध में औषधि निरीक्षक और स्वास्थ्य विभाग को नियमानुसार सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

“जिला कारागार का भी किया निरीक्षण”

इसके बाद सचिव ने जिला कारागार हरिद्वार का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से उनकी समस्याएं सुनी गईं और उन्हें उचित विधिक सलाह दी गई। बैरकों की साफ-सफाई और जेल की पाकशाला में भोजन की गुणवत्ता भी परखी गई।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों को बंदियों की विधिक कार्यवाही से जुड़े पत्राचार समय पर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

“किशोर न्याय बोर्ड में विधिक सहायता हेल्पडेस्क का उद्घाटन”  

वहीं दूसरी ओर किशोर न्याय बोर्ड हरिद्वार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से स्थापित विधिक सहायता हेल्पडेस्क का उद्घाटन श्रीमती सिमरनजीत कौर और किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट श्रीमती कंचन चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।इस अवसर पर सचिव ने कहा कि हेल्पडेस्क के शुरू होने से आमजन और किशोर न्याय बोर्ड आने वाले पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता मिल सकेगी। इसके लिए पैनल अधिवक्ता और पी0एल0वी0/अधिकार मित्रों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को त्वरित और सुलभ न्याय दिलाना है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *