Breaking
18 Sep 2026, Fri

डीएम मयूर दीक्षित ने रानीपुर विधायक के साथ किया जमालपुर-ज्वालापुर क्षेत्र का दौरा, नालों में कूड़ा और अतिक्रमण पर जताई नाराजगी  

हरिद्वार:(जीशान मलिक)जिलाधिकारी मयूर दीक्षित आज धरातल पर उतरे। उन्होंने रानीपुर विधायक आदेश चौहान के साथ जमालपुर खुर्द, ब्रह्मपुरी रावली महदूद, मीनाक्षी पुरम, रावली महदूद और नील खुदाना ज्वालापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने क्षेत्र में साफ सफाई और अतिक्रमण का जायजा लिया।

निरीक्षण में नालों में कूड़ा कचरा के ढेर और नालों नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।जमालपुर खुर्द, ब्रह्मपुरी रावली महदूद, मीनाक्षी पुरम और रावली महदूद क्षेत्र में नाले नालियों में पड़े कूड़े की सफाई के लिए सिंचाई विभाग को एक सप्ताह के भीतर काम शुरू करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि विभाग बेहतर कार्ययोजना तैयार कर कूड़ा हटाए। नगर पालिका शिवालिक नगर और ग्राम पंचायत क्षेत्र की नालियों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून से पहले सभी नालों की सफाई प्राथमिकता से की जाए। इससे जलभराव की स्थिति नहीं बनेगी और क्षेत्रवासियों को परेशानी नहीं होगी।तहसीलदार को निर्देश दिए गए कि नाला नालियों के ऊपर हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर नोटिस जारी करें। तय समय में अतिक्रमण न हटाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।वार्ड नंबर 46 नील खुदाना ज्वालापुर क्षेत्र के निरीक्षण में डीएम ने नगर आयुक्त को नालियों की सफाई और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

इस मौके पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि जिलाधिकारी ने खुद मौके पर पहुंचकर नालों में कूड़े और अतिक्रमण का संज्ञान लिया है। अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्रीय जनता को जलभराव की समस्या नहीं झेलनी पड़ेगी। गंदगी हटने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने स्थलीय निरीक्षण के लिए डीएम का आभार जताया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, अधिशासी अधिकारी शिवालिक नगर पालिका मौ तारिक खान, तहसीलदार सचिन कुमार, सहायक अभियंता सिंचाई संजय कुमार, अपर अभियंता सिंचाई योगेंद्र सिंह सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *