Breaking
8 Jun 2026, Mon

ज्वालापुर कोतवाली का अर्धवार्षिक निरीक्षण: सीओ संजय चौहान ने परखी व्यवस्थाएं, दिए कड़े दिशा-निर्देश

हरिद्वार/ज्वालापुर:(जीशान मलिक)कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने और थाने की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान ने कोतवाली ज्वालापुर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर के हर कोने का बारीकी से मुआयना किया और अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यकुशलता परखी।

निरीक्षण की शुरुआत थाना परिसर के पुरुष बैरक और मेस से हुई, जहां साफ-सफाई और रहने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसके बाद सीओ चौहान ने मालखाना, मालग्रह, सीसीटीएनएस कार्यालय, थाना कार्यालय, डाक कार्यालय और महिला हेल्प डेस्क का गहन निरीक्षण किया। महिला हेल्प डेस्क पर उन्होंने विशेष ध्यान दिया और निर्देश दिए कि महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी से सीओ ने कोतवाली की वर्तमान व्यवस्थाओं, लंबित मामलों और कर्मचारियों की ड्यूटी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता के प्रति व्यवहार सौम्य और मददगार होना चाहिए।

“अभिलेख दुरुस्त रखने और समयबद्ध निस्तारण पर जोर!

अभिलेखों की जांच के दौरान सीओ ने हेड मोहर्रिर और मालखाना मोहर्रिर को सख्त हिदायत दी कि सभी रजिस्टर और फाइलें सुव्यवस्थित, अद्यतन और त्रुटिरहित रखी जाएं। उन्होंने उप निरीक्षकों और विवेचकों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों और शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में हो, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो और थाने पर भरोसा बना रहे।

“मालखाने की सफाई और पुराने माल का निस्तारण!

थाने में लंबे समय से रखे पुराने और अनुपयोगी माल को लेकर सीओ ने नाराजगी जताई और उसके शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए। मालखाने में साफ-सफाई और वस्तुओं की व्यवस्थित रख-रखाव व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण के अंत में सीओ संजय चौहान ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की और कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *