Breaking
29 Aug 2026, Sat

जहां गूंज रही इबादत, वहीं पसरी गंदगी; उर्स में सफाई व्यवस्था पर सवाल

पिरान कलियर:(रागिब नसीम/जीशान मलिक) दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स में देशभर से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच रहे हैं, लेकिन मेले में सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। दरगाह क्षेत्र और आसपास के कई स्थानों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे गंदगी का माहौल बना हुआ है।उर्स में लगातार बढ़ रही जायरीन की भीड़ के बीच सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई स्थानों पर कूड़ेदान की व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण लोग खुले में कूड़ा डालने को मजबूर हैं। वहीं, जमा कूड़े का समय पर उठान नहीं होने से जगह-जगह कूड़े के अंबार दिखाई दे रहे हैं।

दरगाह परिसर, मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्र और जायरीन की आवाजाही वाले स्थानों पर गंदगी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उर्स जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले जायरीन के बीच इस तरह की अव्यवस्था स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है।जायरीन का कहना है कि उर्स के दौरान प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सफाई व्यवस्था को लेकर पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए थे। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाकर कूड़े के ढेर हटाने, नियमित कूड़ा उठान कराने और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखने की मांग की है।जायरीन ने कहा कि दरगाह साबिर पाक का उर्स आस्था का बड़ा केंद्र है। यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बढ़ती भीड़ के बीच स्थिति और खराब हो सकती है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *