Site icon Bhagwa Sanatan Times

जब इंसानियत बनी पहचान, 140 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान

देहरादून:(जीशान मलिक) उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून हरीश कुमार गोयल के निर्देश पर रविवार को विशाल रक्तदान अभियान आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, समाजसेवा प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज तथा आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर में करीब 140 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।इस आयोजित शिविर में स्थानीय लोगों के साथ एनसीसी के छात्र-छात्राओं और आर्मी की मद्रास इंजीनियर यूनिट के 70 जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक कार्यकर्ताओं ने भी लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया और करीब 20 लोगों को शिविर तक लाने में सहयोग किया। शिविर में कुल 140 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवन देने जैसा पुनीत कार्य है। नियमित रूप से आयोजित होने वाले ऐसे अभियान कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने लोगों से स्वयं रक्तदान करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। आयोजकों ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आईएमए ब्लड बैंक के सहयोग से पूर्व में भी रक्तदान अभियान आयोजित किए जाते रहे हैं और भविष्य में भी ऐसे शिविर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान सचिव सीमा डुंगराकोटी और पराविधिक कार्यकर्ता हरीश रांसवाल ने उपस्थित लोगों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर 2026 के संबंध में जानकारी दी तथा पंपलेट वितरित किए। साथ ही लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।रक्तदान शिविर की मुख्य संयोजक बीके सुशील भाई और इंचार्ज मंजू दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज की ओर से आयोजित यह अभियान राजयोगिनी बीके दादी प्रकाशमणि को श्रद्धांजलि अर्पित करने का भी एक प्रयास है। शिविर को सफल बनाने में पराविधिक कार्यकर्ता अंजना रंसवाल और मंजू रावत सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Exit mobile version