Site icon Bhagwa Sanatan Times

‘रक्तदान से बच सकती है जान’: हरिद्वार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का रक्तदान शिविर

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) ‘विश्व रक्तदान दिवस’ के अवसर पर आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार एवं स्वराज फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से जिला बार एसोसिएशन हरिद्वार के सभागार में एक दिवसीय निशुल्क नेत्र, स्वास्थ्य जांच एवं विशाल रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया।जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार जिला बार एसोसिएशन के सभागार में यह शिविर लगाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरनजीत कौर रहीं और विशिष्ट अतिथि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसमहेन्द्र सिंह रहे। मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सिमरनजीत कौर ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो बिना किसी भेदभाव के मानवता की सेवा करने का सबसे उत्तम जरिया है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी गंभीर मरीज या दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर जरूरी चिकित्सीय जांच कराने का भी आह्वान किया।इस विशेष शिविर में मैक्स अस्पताल देहरादून के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिकों, अधिवक्ताओं और पीएलवी/अधिकार मित्रों की स्वास्थ्य जांच की गई। नेत्र धाम हॉस्पिटल हरिद्वार की टीम द्वारा निशुल्क नेत्र जांच की गई और जरूरी परामर्श भी दिए गए। ‘विश्व रक्तदाता दिवस’ के मौके पर युवाओं, अधिवक्ताओं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान किया, जिसमें 51 ब्लड यूनिट एकत्रित की गई।

शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का समस्त स्टाफ, डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, स्वराज फाउंडेशन के संयोजक अनिल पाराशर, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्तागण एवं लॉ इंटर्न उपस्थित रहे।

Exit mobile version