Breaking
8 Jun 2026, Mon

जनता की समस्या पर DM सख्त: जनसुनवाई में 28 मामलों का तुरंत निस्तारण, अफसरों को चेतावनी

हरिद्वार:(जीशान मलिक)जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।आज आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 60 समस्याएं/शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 28 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया गया।जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जल भराव, पेयजल आदि से संबंधित समस्याएं दर्ज कराई गईं:

1. भूमि कब्जा:सविता चौहान पत्नी ऋषिपाल चौहान ने ग्राम भगतनपुर आबिदपुर, परगना ज्वालापुर स्थित खसरा नं 1061/1 एवं 160/3, क्षेत्रफल 2028 वर्ग फीट के प्लॉट पर पड़ोसी द्वारा कब्जा करने की शिकायत कर कब्जा मुक्त कराने का अनुरोध किया।

2. पेयजल समस्या:ग्राम कांगड़ी हरिद्वार की गली नं 06 के वासियों ने सतीश सरिया वाली की दुकान से सम्पूर्ण गली में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के निदान हेतु प्रार्थना पत्र दिया।

3. भूमि पैमाइश: राजपाल निवासी सहदेवपुर ने मौजा रायपुर दरेडा ज्वालापुर स्थित खाता संख्या 00142, खसरा नं 245, रकबा 0.5940 भूमि के मौके पर कम होने तथा पड़ोसी काश्तकारों द्वारा तोड़कर मिला लेने की शिकायत कर पैमाइश कराने की मांग की।

4. जलभराव:नरेंद्र अरोड़ा ने सलेमपुर, गढ़मीरपुर, सुमन नगर एवं पतंजलि योगपीठ के निकट से गुजरने वाली बरसाती रो नदी से उत्पन्न बाढ़ एवं जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान की मांग की। साथ ही शुभम विहार, द्वारिका, गुरुकुल कांगड़ी विवि मोड़ पर एनएचएआई द्वारा निर्माणाधीन नाले का कार्य अधूरा होने पर शीघ्र पूरा कराने का अनुरोध किया।

5. नाली एवं अवैध निर्माण: कुलदीप कुमार ने ग्राम पंचायत शिवदास पुर उर्फ तेलीवाला ब्लॉक बहादराबाद में जल निकासी की समस्या तथा मुकेश कुमार निवासी मीरपुर मुवाजपुर ने घर के बाहर अवैध निर्माण एवं नाली का पानी सड़क पर आने से हो रही परेशानी को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।

6. उज्ज्वला योजना:कौशल्या देवी पत्नी स्व. चेतराम शर्मा ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस आवंटित कराने हेतु प्रार्थना पत्र दिया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में दर्ज समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्धता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि स्थलीय निरीक्षण वाली शिकायतों पर अधिकारी आपसी समन्वय से समाधान सुनिश्चित करें।बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संवेदनशीलता से निस्तारण करें। 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का तत्परता से समाधान करें। वर्तमान में एल-1 पर 566 तथा एल-2 पर 128 शिकायतें निस्तारण हेतु लंबित हैं, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही सिस्टम के माध्यम से शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि कई विभागों द्वारा 36 दिन से शिकायतों का निस्तारण नहीं किया गया है। संबंधित अधिकारी जल्द से जल्द समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें, इसमें शिथिलता बरतने पर कार्रवाई होगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, उपजिलाधिकारी रुड़की हर गिरी, एसएलओ आकाश जोशी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *