हरिद्वार:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता) उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला को चिन्मय डिग्री कॉलेज, भेल, रानीपुर, हरिद्वार में 16 जुलाई 2026 को हर्षोल्लास एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 10 पौधों का रोपण किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की शैक्षिक समिति के सचिव आलोक शुक्ला एवं प्राचार्य डॉ. आलोक अग्रवाल द्वारा पौधारोपण कर की गई। इसके बाद महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया। इस दौरान कचनार, अशोक, अर्जुन एवं शीशम के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में डॉ. मनीषा, डॉ. प्रदोष कुमार शर्मा, डॉ. मधु शर्मा,राकेश चतुर्वेदी,वी.एस. नेगी,जयप्रकाश, गौतम राजबीर, किशनपाल तथा जसवंत सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने हरेला पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति, पर्यावरण एवं मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश देता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

