Breaking
2 Aug 2026, Sun

गुरुकुल कांगड़ी में मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह, बोले- भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में

हरिद्वार:(पुनीत कुमार) गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि उनके चेहरों पर दिखाई देने वाला आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का जीवंत केंद्र है, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण, राष्ट्रसेवा और भारतीय मूल्यों का भी संस्कार दिया जाता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। उन्होंने कहा कि यही युवा शक्ति विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है। आज का युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से रोजगार सृजित करने वाला “जॉब क्रिएटर” बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विकास योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि राज्य में विकास के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उत्तराखंड में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है तथा बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। इसके साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है, जो राज्य के समग्र विकास का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है तथा बिना किसी भेदभाव के 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह संख्या पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुनी से भी अधिक है।कार्यक्रम के आयोजक एवं युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन विनय यादव ने किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान,गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष,राजीव शर्मा, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान,शोभाराम प्रजापति,श्यामवीर सैनी,नितिन गौतम,देशराज कर्णवाल,ओम प्रकाश जमदग्नि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर आदि मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *