हरिद्वार:(चीफ एडिटर) कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत गंगा घाटों के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा रही है। मंगलवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बहादराबाद और ज्वालापुर में निर्माणाधीन घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।अपर मेलाधिकारी ने बहादराबाद में बैरियर नंबर छह के पास बन रहे 200 मीटर लंबे छठ पूजा घाट और ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल के पास 300 मीटर लंबे तथा दुर्गा मंदिर के समीप 30 मीटर लंबे घाट के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य तय समय पर पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगनहर बंदी की अवधि में घाटों के जलमग्न हिस्सों का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।
गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण भी कराया जाए।घाटों के बनने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्वों और धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान की सुविधा मिलेगी। ज्वालापुर के स्थानीय लोगों और मंदिर समिति ने घाट निर्माण के लिए सरकार और मेला प्रशासन का आभार जताया और कहा कि यह उनकी लंबे समय से मांग थी।इस मौके पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


