रुड़की:(जीशान मलिक) कांवड़ मेला-2026 के दौरान दिन-रात श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और मनोबल का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर यातायात निरीक्षक रुड़की द्वारा विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात जवानों को जूस और बिस्किट वितरित किए गए।
भीषण गर्मी और लगातार चल रही कठिन ड्यूटी को देखते हुए पुलिसकर्मियों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, शरीर में ऊर्जा बनाए रखने तथा स्वयं को हाइड्रेटेड रखने की सलाह भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ एवं ऊर्जावान पुलिसकर्मी ही अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकते हैं और लाखों शिवभक्त कांवड़ियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव करा सकते हैं।
यातायात निरीक्षक ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांवड़ मेले जैसी विशाल और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी में हर पुलिसकर्मी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है जितना कि कानून-व्यवस्था और यातायात संचालन को बनाए रखना।इस दौरान जवानों ने वरिष्ठ अधिकारियों के इस मानवीय और प्रेरणादायी प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, सुविधा और मनोबल को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि वे पूरी सतर्कता, ऊर्जा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

