Breaking
7 Jun 2026, Sun

उत्तराखंड में हीट स्ट्रोक को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, हर अस्पताल में बनेगा ‘हीट स्ट्रोक रूम’: DG हेल्थ सुनीता टम्टा

देहरादून:(जीशान मलिक)प्रदेश में लगातार बढ़ते पारे और हीट वेव के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि हीट स्ट्रोक से बचाव और इलाज के लिए हर जिले में हेल्थ एडवाइजरी जारी कर दी गई है। साथ ही हर चिकित्सा इकाई में स्पेशल ‘हीट स्ट्रोक रूम’ बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

DG हेल्थ सुनीता टम्टा ने कहा कि प्रदेश की हर चिकित्सा इकाई में हीट स्ट्रोक रूम स्थापित किए जाएंगे ताकि गर्मी से बेहाल मरीजों को तुरंत बेहतर इलाज मिल सके। इन रूम में आइस पैक, आईवी फ्लूइड, ओआरएस सॉल्यूशन, जरूरी दवाइयां और वेंटिलेटर जैसी सभी व्यवस्थाएं रहेंगी। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी हीट स्ट्रोक के आपातकालीन प्रबंधन के लिए अलर्ट रहने को कहा गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और धूप में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए प्रचार-प्रसार सामग्री हर जिले में पहुंचा दी है। पोस्टर, पंपलेट और जनजागरूकता अभियान के जरिए लोगों को तेज धूप में बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

स्वास्थ्य महानिदेशक सुनीता टम्टा ने आमजन से अपील की है कि तेज धूप और भीषण गर्मी में बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। घबराहट, चक्कर या उल्टी जैसी समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *