Breaking
5 Jun 2026, Fri

उत्तराखंड में लू का रेड अलर्ट: अगले दो दिन देहरादून-हरिद्वार समेत 6 जिलों में झुलसाएगी गर्मी

हरिद्वार:(जीशान मलिक) उत्तराखंड के मैदानी जिलों में अगले दो दिन तेज गर्मी सताएगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 26 मई से 27 मई 2026 तक लू यानी हीट वेव जैसी स्थिति की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत जिलों के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर जा सकता है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं चलने की आशंका है।राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को अलर्ट जारी कर दिया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, ओआरएस, बर्फ और जरूरी उपकरण रखने के निर्देश दिए गए हैं। लू और डिहाइड्रेशन से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा गया है। नगर निकायों से कहा गया है कि सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख चौराहों पर पेयजल, प्याऊ और ठंडे पानी की व्यवस्था करें। भीड़ वाले इलाकों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थल भी बनाए जाएं।बिजली और पेयजल विभाग को आपूर्ति बाधित न होने देने और पानी की कमी वाले क्षेत्रों में टैंकर भेजने के निर्देश हैं।श्रमिकों और खुले में काम करने वालों के लिए कार्य का समय सुबह और शाम तक सीमित रखने की सलाह दी गई है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी में दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से न निकलें। ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थ पिएं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का खास ख्याल रखें।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *