

देहरादून:(जीशान मलिक) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गृहमंत्री दोपहर 12 बजे परेड ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।वीवीआईपी भ्रमण को देखते हुए पूरे कार्यक्रम स्थल को विभिन्न जोन और सेक्टर में बांटकर अधिकारियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट, परेड ग्राउंड स्थित अस्थायी हेलीपैड और रिजर्व पुलिस लाइन में भी अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गुरुवार को कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जोनल, सेक्टर अधिकारियों और ड्यूटी प्रभारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय पर अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने और सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी व समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।सीडीओ ने अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन करने और कमी पाए जाने पर समय से सूचना देने को कहा, ताकि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो सकें।परेड ग्राउंड में मुख्य मंच, वीआईपी व अन्य अतिथि दीर्घाओं, ग्रीन रूम, डाइनिंग सहित पेयजल, विद्युत, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, स्वच्छता, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्था के लिए भी अलग-अलग अधिकारी तैनात किए गए हैं।मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।


