हरिद्वार:(चीफ एडिटर) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला न्यायालय परिसर हरिद्वार में योग शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रभारी जिला जज राकेश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुआ।सामूहिक योग सत्र में प्रभारी जिला जज सहित सभी न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिकार मित्रों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। योग व प्राणायाम के माध्यम से सभी ने निरोगी रहने का संकल्प लिया। योग शिविर के तुरंत बाद न्यायालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। सभी ने परिसर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी ली।
न्यायालय परिसर के कार्यक्रम के बाद जिला कारागार हरिद्वार में भी विशेष योग शिविर आयोजित किया गया। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्म-सुधार का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बंदियों को नियमित योग अपनाने की प्रेरणा दी ताकि वे मानसिक तनाव से मुक्त रह सकें। जेल प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में बंदियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।जेल में कार्यक्रम के बाद नवोदय नगर रोशनाबाद के पीठ बाजार मैदान में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नगरपालिका परिषद शिवालिक नगर, स्वास्थ्य विभाग, आईटीसी सुनहारा कल एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इस दौरान मैदान और आसपास के क्षेत्रों से कई टन कूड़ा-कचरा हटाकर उसका सुरक्षित निस्तारण किया गया। स्वच्छता अभियान के बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सामूहिक पौधारोपण भी किया गया। मैदान पर छायादार और फलदार पौधे रोपे गए।
इस संपूर्ण आयोजन में DLSA सचिव सिमरनजीत कौर, अधिकार मित्र, लॉ इंटर्न्स, पैनल अधिवक्ता, रिटेनर अधिवक्ता सीमा, डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, असिस्टेंट एलएडीसी अधिवक्ता आदिल अली, नगरपालिका परिषद व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनजीओ प्रतिनिधि और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

