Site icon Bhagwa Sanatan Times

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने हरेला पर्व पर किया वृहद वृक्षारोपण, वन विभाग और बार एसोसिएशन के साथ मिलकर लगाया हरियाली का संकल्प

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) उत्तराखण्ड राज्य के लोकपर्व हरेला दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा वन विभाग हरिद्वार के सहयोग से जिला न्यायालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय नैनीताल व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के आदेशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार नरेन्द्र दत्त ने की।

मुख्य अतिथि के रूप में अपने संदेश में जनपद न्यायाधीश ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के लोकपर्व हरेला पर पूरे राज्य में वृक्षारोपण, पर्यावरण व प्रकृति के संरक्षण हेतु यह लोकपर्व मनाया जाता है। उत्तराखण्ड की विशेष भौगोलिक स्थिति के अनुसार इस राज्य में पर्यावरण व प्रकृति के संरक्षण हेतु इस तरह के पारंपरिक पर्व मनाये जाते हैं। हम सब की यह जिम्मेदारी व दायित्व है कि अपने राज्य व अपने आस-पास के क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखते हुए अपने दायित्व का निर्वहन करें।

इस अवसर पर हरिद्वार जिले के बाह्य न्यायालय रूड़की व लक्सर में भी न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में वृहद रूप से वृक्षारोपण किया गया।आज के इस अवसर पर जिला न्यायालय हरिद्वार के सभी अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सभी सिविल जज सीनियर डिविजन, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार, सभी न्यायिक अधिकारीगण व कर्मचारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एलएडीसी अधिवक्तागण, रीटेनर अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, समस्त स्टाफ, अधिकार मित्र, लॉ इन्टर्न्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सचिव/सिविल जज सीनियर डिविजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार सिमरनजीत कौर द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

इसी क्रम में वन विभाग, हरिद्वार द्वारा आयोजित नगर वन बैरागी कैप क्षेत्र कनखल में हरेला पर्व के कार्यक्रम में सचिव सिमरनजीत कौर ने डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, लॉ इन्टर्न्स व अधिकार मित्र सहित प्रतिभाग कर नगर वन क्षेत्र में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर डीएफओ हरिद्वार स्पनिल अनिरुद्ध, पूनम कैंथोला एसडीओ हरिद्वार, वन कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

अपराहन में जिला बार एसोसिएशन रजि. हरिद्वार द्वारा आयोजित हरेला पर्व कार्यक्रम में बार परिसर में नवनिर्मित मीटिंग कक्ष के प्रांगण में जनपद न्यायाधीश नरेन्द्र दत्त व सभी न्यायिक अधिकारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूरी टीम के साथ मिलकर रोटरी क्लब हरिद्वार के सहयोग से वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन हरिद्वार के अध्यक्ष जसमहेन्द्र सिंह व सचिव विपिन द्विवेदी, समस्त कार्यकारिणी व अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

Exit mobile version