Site icon Bhagwa Sanatan Times

राष्ट्रीय लोक अदालत में 5,447 मामलों का निस्तारण, ₹12.98 करोड़ का सेटलमेंट

हरिद्वार, 13 दिसंबर 2025।

माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण उत्तराखण्ड के तत्वावधान में जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार नरेन्द्र दत्त के निर्देशन में शनिवार को इस वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का संचालन जिला न्यायालय परिसर रोशनाबाद सहित बाह्य न्यायालय रुड़की एवं लक्सर में गठित विभिन्न बेंचों/पीठों के माध्यम से किया गया।

 

राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान माननीय न्यायालयों में लंबित कुल 4,989 वादों एवं 458 प्री-लिटिगेशन मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। इनमें चेक बाउंस से संबंधित मामले, मोटर दुर्घटना दावा वाद, पारिवारिक वाद, सिविल वाद, शमनीय प्रकृति के दाण्डित वाद तथा ऋण संबंधी बैंक मामलों का समाधान शामिल रहा। लोक अदालत में कुल ₹12,98,44,042 की सेटलमेंट धनराशि निर्धारित की गई।

जनपद न्यायाधीश नरेन्द्र दत्त के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन हुआ। इस अवसर पर सचिव/सिविल जज (एस.डी.), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार सिमरनजीत कौर ने लोक अदालत में सहयोग प्रदान करने हेतु समस्त न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं वादी-कारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version