Site icon Bhagwa Sanatan Times

सशस्त्र झंडा दिवस पर एसएमजेएन पीजी कॉलेज का योगदान, सैनिक कल्याण कोष में ₹51 हजार भेंट

एस एम जे एन (पीजी) कॉलेज में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर कॉलेज परिवार की ओर से सैनिक कल्याण कोष में ₹51,000 की धनराशि भेंट की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सहयोग प्रकट करना रहा।

इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष महंत रविन्द्र पुरी ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस राष्ट्र के सजग प्रहरियों के अविस्मरणीय बलिदानों और सेवाओं को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना अपने अद्वितीय साहस, शौर्य और बलिदान के लिए संपूर्ण विश्व में अग्रणी है।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 7 दिसंबर को मनाया जाने वाला सशस्त्र सेना झंडा दिवस हर नागरिक के मन में सेना के प्रति गर्व की भावना भरता है। उन्होंने झंडे के तीन रंगों—लाल, गहरा नीला और हल्का नीला—का महत्व बताते हुए कहा कि ये क्रमशः थल सेना, नौसेना और वायु सेना के प्रतीक हैं। डॉ. बत्रा ने कहा कि भारतीय सेनाओं का शौर्य, त्याग और बलिदान का स्वर्णिम इतिहास रहा है। सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सेना देश की आंतरिक सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं के समय भी राहत एवं बचाव कार्यों में अहम भूमिका निभाती है।

सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. शिव कुमार चौहान ने कहा कि हमारे वीर जवान अत्यंत कठिन परिस्थितियों और दुर्गम क्षेत्रों में तैनात रहकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. पल्लवी, डॉ. पदमावती तनेजा, दिव्यांश शर्मा, वैभव बत्रा सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे।

Exit mobile version