Site icon Bhagwa Sanatan Times

महंत रविंद्र पुरी महाराज ने की कारगिल शहीदों के आश्रितों को निःशुल्क शिक्षा देने की घोषणा

हरिद्वार:(चीफ एडिटर भगवा सनातन टाइम्स)एसएमजेएन महाविद्यालय में आज कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष समारोह में भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कॉलेज परिसर में निर्मित ‘शौर्य दीवार’ पर महाविद्यालय परिवार ने पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम के अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज ने अपने संदेश में कहा, “भारतीय सेना देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित है। कारगिल विजय दिवस हमारे सैनिकों के रण-कौशल और पराक्रम का प्रतीक है।” उन्होंने कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों को नि:शुल्क शिक्षा देने की घोषणा कर समारोह की गरिमा बढ़ाई।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा, “यह दिन भारतीय सेना के अद्भुत साहस और बलिदान को याद करने का दिन है। उत्तराखंड सदा से वीर जवानों की भूमि रही है।” उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सेना में भर्ती होकर देशसेवा के पथ पर अग्रसर हों।

राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष विनय थपलियाल ने कारगिल युद्ध के इतिहास और उसके बाद बनी सुब्रह्मण्यम समिति की सिफारिशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय सेना का अदम्य साहस और प्रशिक्षण इसे विश्व की सर्वश्रेष्ठ सेनाओं में स्थान देता है।

इस अवसर पर कॉलेज के अनेक प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से श्मोहन चन्द्र पांडे, डॉ. मन मोहन गुप्ता, प्रो. जगदीश चन्द्र आर्य, वैभव बत्रा, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. रिचा मिनोचा, डॉ. लता शर्मा, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. पल्लवी, डॉ. यादवेंद्र सिंह, एवं विनीत सक्सेना सहित कई गणमान्य शिक्षाविद उपस्थित रहे।

बीएससी कंप्यूटर साइंस एवं पीसीएम प्रथम सेमेस्टर के लिए समर्थ पोर्टल पुनः खुला

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने बताया कि बीएससी कंप्यूटर साइंस एवं पीसीएम प्रथम सेमेस्टर के लिए समर्थ पोर्टल पुनः खोला गया है। इच्छुक अभ्यर्थी शीघ्र पंजीकरण कर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें।

Exit mobile version