हरिद्वार,अजय नामदेव
18 जनवरी राष्ट्रीय युवा एकता दल की बैठक भूपतवाला स्थित चेतन ज्योति आश्रम में आयोजित की गई, जिसमें संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, संत-महात्मा एवं सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल त्यागी ने की।
बैठक में धर्म से जुड़े समसामयिक एवं संवेदनशील विषयों पर गंभीर, सार्थक और सकारात्मक विमर्श हुआ। साथ ही संगठन की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए एकता और सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल त्यागी ने कहा कि धर्म कभी भी समाज को विभाजित करने का माध्यम नहीं रहा, बल्कि वह एकता, भाईचारे और राष्ट्रनिर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा एकता दल युवाओं को सकारात्मक सोच, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित से जोड़ने के साथ-साथ नशा जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता फैलाएगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को सही दिशा देने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वंदना गुप्ता ने सामाजिक समरसता और धार्मिक सौहार्द पर जोर देते हुए कहा कि धर्म के नाम पर फैलने वाली भ्रांतियों, तनाव और वैमनस्य को समाप्त करने में युवाओं की भूमिका सबसे प्रभावी है। उन्होंने नशे को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए समाज और संगठनों के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
संगठन के संरक्षक महंत ऋषिश्वरानंद तथा महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती सहित उपस्थित संत-महात्माओं ने संगठन की गतिविधियों की सराहना की। महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति के प्रति जागरूक होना चाहिए और नशे से दूर रहकर समाज व राष्ट्र के उत्थान में योगदान देना चाहिए।
बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई और सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय युवा एकता दल समाज में एकता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
बैठक में राष्ट्रीय सलाहकार एडवोकेट प्रतीक त्यागी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अमित चौधरी, संगठन मंत्री हेमेंद्र लोधी, किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश मीणा सहित पुष्पेंद्र यादव, योगीबीविदां आदित्य समर्थ रामदास महाराज, भविष्य गुप्ता, अनु शर्मा, तरुण त्यागी, रिंकु पांडे, अंशुल राठी, निशु त्यागी, प्रतीक चौधरी, तरुण, जितेंद्र, अंकुश सिंह, उमेश एवं सुमित समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

