हरिद्वार:(जीशान मलिक)विधायक वीरेन्द्र जाती ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। ‘चाय पर चर्चा’ के इस अवसर पर विधायक ने विशेष रूप से झबरेड़ा में लम्बित पड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं को शीघ्र लागू करने की माँग की और क्षेत्र की प्राथमिक समस्याओं को विस्तार से रखा।
विधायक वीरेंद्र जाती ने मुख्यमंत्री के समक्ष स्पष्ट कहा कि जनता की अपेक्षाओं को समय पर पूरा करना सरकार की ज़िम्मेदारी है और विपक्ष की भूमिका जनता की आवाज़ को सशक्त रूप से उठाने की है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि घोषणाएँ केवल काग़ज़ों में सीमित रहेंगी तो जनता का विश्वास टूटेगा, इसलिए उन्हें धरातल पर लाना अति आवश्यक है।
पूर्व में की गयी मुलाक़ात का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि विधायक वीरेन्द्र जाती के अथक प्रयासों और निरंतर अनुश्रवण के फलस्वरूप मुख्यमंत्री घोषणा अंतर्गत झबरेड़ा क्षेत्र में तीन डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के पार्कों ग्राम तांशीपुर, ग्राम शेरपुर खेलमऊ, ग्राम ननहेड़ा अनंतपुर के सौंदर्यीकरण की स्वीकृति प्रदान की गई। इन पार्कों के निर्माण एवं सुधार से क्षेत्रवासियों को न केवल स्वच्छ वातावरण मिलेगा, बल्कि डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को भी जीवंत करने में मदद मिलेगी। विधायक ने मुख्यमंत्री को इसके लिए जनता की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया। झबरेड़ा में रोडवेज बस अड्डा, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती और शिक्षा संस्थानों की उन्नति—पर भी चर्चा हुई।
विधायक ने इस बात पर जोर दिया कि झबरेड़ा की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रही है और विपक्ष का दायित्व है कि उन मांगों को मजबूती से सरकार तक पहुँचाया जाए। विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा है कि झबरेड़ा विधान सभा क्षेत्र का संपूर्ण विकास कराना उनका लक्ष्य है और वह विकास कराने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा है कि झबरेड़ा विधानसभा को वह आदर्श विधानसभा बनाकर ही दम लेंगे।

