ज्वालापुर में उत्साह के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, विधायक रवि बहादुर ने किया ध्वजारोहण
हरिद्वार,भगवा सनातन टाइम्स
15 अगस्त — स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ पर ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किए गए। ग्राम डालुवाला मजबता स्थित इंटर कॉलेज में मुख्य अतिथि ज्वालापुर विधायक इंजी. रवि बहादुर ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति निष्ठा व समर्पण का संदेश दिया।
विधायक रवि बहादुर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल जश्न मनाने का दिन नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और देशहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए सभी से एकजुट होकर प्रदेश और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में हिमांशु बहुगुणा, क्षेत्र के स्कूल पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। तिरंगे झंडों और देशभक्ति के गीतों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

