Breaking
5 Aug 2026, Wed

राजपुर में फायरिंग, मसूरी डाइवर्जन के पास मचा हड़कंप – आरोपी की तलाश तेज

देहरादून,भगवा सनातन टाइम्स

09 अगस्त 2025 – राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब मसूरी डाइवर्जन से आगे एक रेस्टोरेंट के बाहर गोली चलने की आवाज गूंजी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं, जहां एक युवक लहूलुहान हालत में मिला।

जानकारी के अनुसार, घटना 08-09 अगस्त की रात करीब हुई। घायल युवक की पहचान संभव गुरुंग, निवासी अनार वाला, देहरादून के रूप में हुई है। उसे तुरंत मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

रेस्टोरेंट में शुरू हुआ विवाद, बाहर पहुंचा गोलीकांड तक

पुलिस जांच में सामने आया कि संभव गुरुंग अपने दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों और एक युवती से किसी बात पर तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष रेस्टोरेंट से बाहर निकल आए।

बाहर आते ही तनाव बढ़ा और संभव के 10-12 साथी भी वहां जुट गए। इसी बीच, दूसरे पक्ष के एक युवक ने डराने के इरादे से पिस्तौल निकालकर हवा में फायर किया, लेकिन एक गोली सीधे संभव गुरुंग को जा लगी।

पुलिस की तेज़ कार्रवाई – आरोपी की पहचान हुई, तलाश जारी

घटना की लिखित तहरीर मिलने के बाद थाना राजपुर में धारा 109 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई।

थानाध्यक्ष राजपुर ने बताया कि गोली चलाने वाले युवक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

लोगों में दहशत, पुलिस की मौजूदगी बढ़ी

देर रात हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने रेस्टोरेंट और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि पूरी घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *